Friday, January 28, 2011

बीएसएफ के 51 जवानों को मिला मेडल

दैनिक भास्कर से
बुधवार,26 जनवरी, 2011 

नई दिल्ली.62 वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटील ने भारत-नेपाल और भारत-भूटान सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के उपमहानिरीक्षक पीएसएस नेगी को उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति के पुलिस पदक से सम्मानित करने की संस्तुति दी है।



उनके अलावा बल के 10 अन्य कर्मियों को भी इस साल उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए भारतीय पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। इसी तरह सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के 51 जवानों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक और उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया।

सशस्त्र सीमा बल के सीमांत मुख्यालय गुवाहाटी में तैनात महानिरीक्षक संजीव कुमार सिंघल, सेक्टर मुख्यालय गोरखपुर में तैनात उपमहानिरीक्षक समीर कर्मकार, छत्तीसगढ़ में तैनात सेनानायक हरदयाल सिंह गाडे, असम के रंगिया मुख्यालय में तैनात क्षेत्र संगठक दिलीप पाल, प्रशिक्षण केंद्र शमशी के उप सेनानायक जयसिंह को भी उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति के पदक से सम्मानित किया गया।

बीएसएफ के 51 कर्मियों को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति के पदक से सम्मानित किया गया। एक पुलिस कर्मी को उनकी उत्कृ ष्ट सेवा के लिए गैलेन्ट्री अवार्ड से सम्मानित किया गया।

जबकि, 5 कर्मियों को उनकी सेवाओं के लिए राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक और 45 को सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया गया। बीएसएफ के नितिन ध्यानी को उनके कार्यो के लिए गैलेन्ट्री अवार्ड से सम्मानित किया गया है।

आईजी अशोक कुमार जैन, डीआईजी जगदीश चन्द्र पांडे, मनमोहन त्रिपाठी, अनिल कांबोज और डाक्टर चन्द्र मोहन को विशिष्ट सेवा पदक से नवाजा गया। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के पांच जवानों को उनकी सेवाओं के लिए राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है।

बल के 28 कर्मियों को राष्ट्रपति के सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। सीआरपीएफ के आईजीपी देवेन्द्र कुमार पाठक, एम नागेश्वर राव, डीआईजीपी बी राजेन्द्र कामथ के साथ ही राकेश कुमार उपाध्याय और गजराज सिंह को विशिष्ट पदक से सम्मानित किया गया है।

भारत-तिब्बत सीमा बल (आईटीबीपी) के 12 कर्मियों को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक से नवाजा गया है। आईटीबीपी के 3 कर्मियों को राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक और 9 कर्मियों को राष्ट्रपति के सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया गया है।

बल के अतिरिक्त महानिरीक्षक (चिकित्सा) डा. टी रवि प्रसाद, उपनिरीक्षक एचएस गौराया और एसएस हारटा को राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है।

No comments:

Post a Comment